राष्ट्रीय

बेवफाई का सदमा नहीं सह पाया पति, दर्दभरा सुसाइड नोट छोड़कर उठाया आत्मघाती कदम

बेवफाई का सदमा नहीं सह पाया पति, दर्दभरा सुसाइड नोट छोड़कर उठाया आत्मघाती कदम

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक नवविवाहित युवक ने कथित तौर पर पत्नी के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर से आहत होकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान कांटी थाना क्षेत्र के सिरसिया खुर्द गांव निवासी 26 साल के अभय कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मौके से मिले सुसाइड नोट में युवक ने अपनी मौत के लिए पत्नी को जिम्मेदार ठहराया है.

जानकारी के मुताबिक अभय कुमार की शादी 1 दिसंबर 2025 को हुई थी. परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद उसे पत्नी के किसी अन्य युवक से संबंध होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद से वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगा था. अभय जयपुर में नौकरी करता था और शादी के बाद पत्नी को भी अपने साथ ले गया था.

परिवार का आरोप है कि पत्नी का कथित प्रेमी शादी के बाद भी उसके संपर्क में था. अभय के भाई का दावा है कि पत्नी उस युवक को अपना रिश्तेदार बताती थी. बाद में जब अभय को पूरे मामले की जानकारी मिली तो वह काफी परेशान रहने लगा. परिजनों के अनुसार, एक सप्ताह पहले पत्नी मायके चली गई थी. इसके बाद अभय के मोबाइल पर कथित तौर पर कुछ फोटो, वीडियो और आपत्तिजनक मैसेज आने लगे. इससे वह और अधिक तनाव में आ गया था.

मंगलवार सुबह अभय बिना किसी को बताए घर से निकल गया. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान मुजफ्फरपुर-मोतिहारी रेलखंड पर कपरपुरा स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक से उसका शव बरामद किया गया.

घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है. नोट में अभय ने लिखा कि उसकी पत्नी किसी अन्य युवक से प्रेम करती है और इसी वजह से वह मानसिक रूप से टूट गया था. उसने साफ लिखा- मेरी मौत की जिम्मेदार मेरी पत्नी है. अंत में उसने 'सॉरी माय फैमिली' लिखते हुए अपने परिजनों से माफी मांगी. घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

हालांकि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया. कांटी थाना प्रभारी रविकांत पाठक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.(एजेंसी)

More Photo

    Record Not Found!


More Video

    Record Not Found!


Related Post

Leave a Comments

Name

Contact No.

Email