अनिल बेदाग
‘आई बिलीव योर म्यूज़िक’ के जरिए नए टैलेंट का हाथ थामेंगे सोनू निगम
मुंबई : भारतीय संगीत जगत के दिग्गज गायक सोनू निगम ने वर्ल्ड म्यूज़िक डे 2026 पर एक ऐसी पहल की शुरुआत की है, जो आने वाले समय में इंडिपेंडेंट म्यूज़िक की तस्वीर बदल सकती है। “आई बिलीव योर म्यूज़िक” (IBYM) नामक यह नया प्लेटफ़ॉर्म सिर्फ प्रतिभाओं को खोजने का माध्यम नहीं, बल्कि उभरते कलाकारों के सपनों को दिशा देने वाला एक सशक्त अभियान है। वर्षों के अनुभव और संगीत जगत में अपनी विश्वसनीय पहचान के साथ सोनू निगम अब नई पीढ़ी के सिंगर्स, कंपोज़र्स, लिरिसिस्ट्स, म्यूज़िक प्रोड्यूसर्स और इंस्ट्रुमेंटलिस्ट्स के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाने जा रहे हैं।
IBYM के माध्यम से कलाकारों को न केवल अपना संगीत प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा, बल्कि उन्हें मेंटरशिप, क्रिएटिव गाइडेंस, मार्केटिंग सपोर्ट, रिलीज़ प्लानिंग और ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएँ भी प्राप्त होंगी। ग्लोबल म्यूज़िक जंक्शन (GMJ) के साथ रणनीतिक साझेदारी इस पहल को और अधिक प्रभावशाली बनाती है। खास बात यह है कि हर सबमिशन की समीक्षा स्वयं सोनू निगम और उनकी टीम करेगी। तकनीक और पारदर्शिता पर आधारित यह मंच किसी प्रतियोगिता की तरह नहीं, बल्कि ओरिजिनल संगीत को सम्मान और पहचान दिलाने वाला एक आंदोलन है, जो नए कलाकारों को अपने सपनों को हकीकत में बदलने का अवसर देगा।






























