विश्व

यूक्रेन का दावा: भारत से बातचीत ठप, बिगड़ते हालात पर जताई चिंता

यूक्रेन का दावा: भारत से बातचीत ठप, बिगड़ते हालात पर जताई चिंता

- 13 भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता

नई दिल्ली : यूक्रेन ने ब्लैक सी (काला सागर) में सुरक्षा हालात को लेकर भारत की हालिया समुद्री एडवाइजरी पर सवाल उठाए हैं। यूक्रेन का कहना है कि क्षेत्र में रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों के बढ़ते खतरे के बावजूद भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त सख्त कदम नहीं उठाए गए हैं। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब यूक्रेन के चोर्नोमोर्स्क बंदरगाह पर एमवी एएमआईआर1 जहाज में 13 भारतीय नाविक फंसे हुए हैं। 

नई दिल्ली स्थित यूक्रेनी दूतावास ने नौवहन महानिदेशालय की ओर से जारी दो अलग-अलग सुरक्षा एडवाइजरी की तुलना करते हुए सवाल उठाए हैं। यूक्रेन के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य के लिए जारी एडवाइजरी में भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए थे और शिपिंग कंपनियों को अगले आदेश तक उस क्षेत्र में भारतीय चालक दल भेजने से बचने की सलाह दी गई थी। वहीं, ब्लैक सी के लिए जारी एडवाइजरी में ऐसी सख्ती नहीं दिखाई गई।

यूक्रेनी दूतावास ने कहा कि ब्लैक सी में लगातार हमलों के बावजूद सुरक्षा उपायों का स्तर वहां मौजूद खतरे के अनुरूप होना चाहिए। यूक्रेन का दावा है कि नागरिक जहाजों पर हो रहे हमलों में भारतीय नाविक भी प्रभावित हुए हैं, इसलिए इस क्षेत्र के लिए अतिरिक्त सावधानी की जरूरत है। यूक्रेन के अनुसार, विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से इस मुद्दे पर बातचीत की इच्छा जताई है, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। यूक्रेन का कहना है कि वह भारत के साथ मिलकर भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समन्वय बढ़ाना चाहता है।

एमवी एएमआईआर1 जहाज पर फंसे 13 भारतीय नाविकों को लेकर यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा है कि उन्हें हरसंभव सहायता दी जा रही है। यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास भी संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है और चालक दल की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। भारतीय दूतावास ने पहले ही कहा था कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और नाविकों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास कर रहा है।

यूक्रेन ने भारतीय नाविक संघ की उस मांग का भी समर्थन किया है, जिसमें उच्च जोखिम वाले समुद्री क्षेत्रों में काम करने वाले भारतीय नाविकों के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई है। यूक्रेनी दूतावास ने उम्मीद जताई है कि भारत का विदेश मंत्रालय और नौवहन महानिदेशालय ब्लैक सी की मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएंगे। ब्लैक सी क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच यह मामला समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं पैदा कर रहा है।(एजेंसी)

More Photo

    Record Not Found!


More Video

    Record Not Found!


Related Post

Leave a Comments

Name

Contact No.

Email