.jpg)
प्रभात मोहंती
महासमुंद: नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू लगातार लोगों के बीच वार्डों में पहुंच रहे हैं। उन्होंने चुनाव जीतने के बाद विजय जुलूस नहीं निकालने की अपील कार्यकर्ताओं से की थी। जिससे अनेक वार्डों के कार्यकर्ताओं ने उन्हें अपने वार्डों में आने का आग्रह किया था। कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए श्री साहू नगर के सभी वार्डों में पहुंच रहे हैं। तथा चुनाव में मिले प्रेम व आशीर्वाद के लिए आभार भी व्यक्त कर रहे हैं। इसी बहाने श्री साहू वार्डों की समस्याओं से भी अवगत हो रहे हैं।
कल 1 मार्च को पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू नगर के वार्ड क्रमांक 21, 24, 25 तथा वार्ड 30 में लोगों के बीच पहुँचे। इन सभी वार्डों में पालिकाध्यक्ष का फुलमाला, ढोल-ताशे व आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्री साहू ने वार्डों में पैदल भ्रमण कर वार्ड की जरूरतों व समस्याओं से अवगत हुए। अनेक वार्डों में ग्रीष्म ऋतु में पेयजल संकट की समस्याएं सामने आई। जिस पर श्री साहू ने कहा कि इस बार शहर के किसी भी वार्ड में जल संकट की स्थिति निर्मित नहीं होने दिया जाएगा। लोगों को पर्याप्त पानी मिले इस पर विशेष ध्यान देकर कार्य होगा।
वार्डवासियों ने बताया कि पालिका चुनाव के बाद से सभी वार्डों में नालियों की नियमित सफाई हो रही है। पहले सप्ताह - पन्द्रह दिन में कभी कभार ही सफाई कर्मी आते थे। लेकिन, वर्तमान में हर दो दिन के भीतर वार्ड के नालियों की सफाई हो रही है। सभी वार्डों में सैकड़ों की संख्या में नागरिक उपस्थित थे।