
प्रभात मोहंती
महासमुंद : आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ के पदाधिकारी व सदस्यों ने आज नगर पालिका अध्यक्ष से सौजन्य भेंटकर पालिका चुनाव में ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। इस दौरान आंबा संघ के जिलाध्यक्ष सहित समस्त पदाधिकारियों ने श्री साहू को अपनी सनस्याओं से अवगत कराया। संघ के पदाधिकारियों ने पालिकाध्यक्ष से शहर के समस्त 30 वार्डों में संचालित आंगनबाड़ी भवनों की मरम्मत, किराए के भवन में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्वयं का भवन, बच्चों के खेलने के लिए पर्याप्त स्थान सहित विभिन्न मांगे व समस्याएं रखी।
जिस पर पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने उनकी समस्याओं को ध्यान पूर्वक सुनकर समाधान के लिए हर संभव प्रयास का आश्वासन दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए समाज हित में उनके योगदान को अतुलनीय बताया। साथ ही आंगनबाड़ी संघ के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने की बात कही। इस अवसर पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुधा रात्रे, जिलाध्यक्ष सुलेखा शर्मा सहित, जिला, ब्लॉक व शहर के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बहनें उपस्थित थीं।