
संवाददाता- प्रभात मोहंती..
नियमित राशि भुगतान व नए पंजीयन हेतु पोर्टल शरू करने नपाध्यक्ष ने की मांग
महासमुंद : नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं के खाते में प्रत्येक माह नियमित राशि प्रदान करने तथा नव विवाहिताओं को भी योजना का लाभ प्रदान करने शीघ्र पोर्टल शुरू करने की मांग शासन से की है। श्री साहू ने बताया कि यह जानकारी मिल रही है कि विगत 3 माह से अनेक हितग्राहियों को राशि नहीं मिल पाई है। शहर के अनेक माताओं-बहनों ने उन्हें बताया है कि उनके बैंक खाते में महतारी वंदन की राशि 2-3 माह से नहीं आई है। जिससे उन्हें बार-बार बैंकों का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
श्री साहू ने कहा कि नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के बाद से प्रदेश में आधे से अधिक माताओं-बहनों के बैंक खाते में महतारी वंदन योजना की राशि आना बंद हो गया है। पोर्टल शुरू नहीं होने से नए हितग्राही तो लाभ से वंचित हैं ही, साथ ही बड़ी संख्या में महिलाओं को अपात्र बता कर उनका नाम लाभार्थी सूची से लगातार हटाया जा रहा है। सुशासन तिहार के दौरान भी लगभग सभी जिलों में महतारी वंदन योजना में लाभ के लिए नाम जुड़वाने बड़ी संख्या में माताओं-बहनों ने आवेदन किये हैं। साथ ही अनेक महिलाओं ने राशि आना बंद होने की शिकायत भी की। लेकिन, इस दिशा में कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पा रहा है।
श्री साहू ने कहा कि सरकार दावा करती है कि प्रदेश के 70 लाख से अधिक महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है। यह दावा वर्तमान में जो स्थिति है, कोरा साबित हो रहा है। अनेक महिलाएं ऐसे हैं जिनके बैंक खाते में शुरू-शुरू के दो-चार महीने के बाद राशि आना ही बंद हो गया। वहीं, पेंशन धारी बुजुर्ग, विधवा पेंशन, परित्यक्ता पेंशन धारी महिलाओं को 500 रुपए काटकर राशि दिया जा रहा। जो इन निराश्रितों के साथ अन्याय है। विधवा, पेंशनधारी बुजुर्ग, निराश्रित, परित्यक्ता महिलाओं को इस राशि की आैर अधिक आवश्यकता है। नियमत: इन्हें 1000 रुपए महतारी वंदन योजना के तहत तथा 500 रु. निराश्रित पेंशन मिलाकर 1500 रु. प्रदान करना चाहिए। लेकिन, सरकार के बनाए नियम महिलाओं के हक के आड़े आ रहा है। श्री साहू ने शासन ने मांग की है कि गत 2-3 माह से अप्राप्त राशि को शीघ्र प्रदान कर नए पंजीयन के लिए पोर्टल भी जल्द से जल्द शुरू हो ताकि, समस्त पात्र हितग्राही माताओं-बहनों को योजना का समुचित लाभ मिल सके।