महासमुन्द

सुशासन तिहार अंतर्गत ग्राम बम्हनी में समाधान शिविर आयोजित

सुशासन तिहार अंतर्गत ग्राम बम्हनी में समाधान शिविर आयोजित

संवाददाता: प्रभात मोहंती

विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा हुए शामिल, हितग्राहियों को विभिन्न योजना अंतर्गत लाभ वितरित

मुख्यमंत्री के सुशासन में एक एक गांव का विकास होगा_ विधायक श्री सिन्हा 

महासमुंद : प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के अंतर्गत आज महासमुंद विकासखंड के ग्राम बम्हनी में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवी चंद राठी ने की। इस अवसर पर जनपद सदस्य श्रीमती विजय लक्ष्मी जांगड़े, श्री माखन पटेल, श्री रूपरेला, श्री अरविंद प्रहरे, श्री शरद मराठा, श्री राजू चंद्राकर सहित अंचल के सरपंचगण, जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री अक्षा गुप्ता एवं जनपद पंचायत सीईओ श्री मंडावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

शिविर में 16 ग्राम पंचायतों—बिरकोनी, अछरीडीह, घोडारी, मुढेना, बेलसोडा, नांदगांव, बड़गांव, बरबसपुर, चिंगरौद, बम्हनी, बरोंडाबाजार, भलेसर, लाफिनखुर्द, लाफिनकला, खरोरा एवं साराडीह से प्राप्त कुल 1166 आवेदनों के निराकरण हेतु समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्राप्त आवेदनों में से 548 का मौके पर निराकरण किया गया तथा शेष  618 आवेदनों के निराकरण की कार्यवाही समय सीमा में की जाएगी।

Open photo

कार्यक्रम के प्रारंभ में विधायक एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली गई। विधायक श्री सिन्हा ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

शिविर को संबोधित करते हुए विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप शासन-प्रशासन द्वारा गांव के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुशासन के माध्यम से एक एक गांव का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा तथा विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है।

उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, वात्सल्य योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से आमजन सीधे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने श्रम विभाग की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की।

विधायक श्री सिन्हा ने क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि एनएच-353 से साराडीह तक 5.025 किलोमीटर सड़क निर्माण हेतु 9.26 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु सभी के सहयोग की आवश्यकता बताई।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक 10 से 15 पंचायतों के मध्य समाधान शिविर आयोजित कर समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। संवाद के माध्यम से ही समग्र समाधान संभव है। उन्होंने पेयजल, शिक्षा एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि बहमनी क्षेत्र में किसानों को रबी सीजन में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा रहा है तथा भविष्य में सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से प्रत्येक गांव तक पानी पहुंचाया जाएगा।

नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवी चंद राठी ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की मंशा है कि जनता की समस्याओं का सरल एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित हो। उन्होंने बताया कि वर्तमान बजट में क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।

इस अवसर पर विधायक एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा हितग्राहियों को बैंक लोन का चेक , आयुष्मान कार्ड, जॉब कार्ड, श्रमिक कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अभिनंदन पत्र एवं सुपोषण  टोकरी वितरित किए गए। उद्यानिकी विभाग द्वारा छायादार एवं फलदार पौधों का वितरण भी किया गया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का रक्त परीक्षण, ब्लड प्रेशर एवं मधुमेह की जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।  कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्ति अभियान की शपथ भी दिलाई गई तथा पंचायत स्तर पर शासन की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया।

More Photo

    Record Not Found!


More Video

    Record Not Found!


Related Post

Leave a Comments

Name

Contact No.

Email