संवाददाता: सुभाष गुप्ता
सूरजपुर : छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के अंतर्गत प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग महिलाएं परिवार की आवश्यकताओं, बच्चों की शिक्षा तथा स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं।
सूरजपुर के ग्राम पीढ़ा निवासी श्रीमती बृहस्पति राजवाड़े, पति श्री विनोद राजवाड़े, बताती हैं कि महतारी वंदन योजना से उन्हें प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता राशि प्राप्त होती है। यह राशि उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। वे प्राप्त राशि का उपयोग अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, स्कूल संबंधी आवश्यक सामग्री तथा स्वास्थ्य देखभाल में करती हैं। उनका कहना है कि इस आर्थिक सहयोग से बच्चों की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है और परिवार पर आर्थिक बोझ भी कम होता है।
इसी प्रकार ग्राम पीढ़ा की ही श्रीमती श्याम बाई राजवाड़े, पति श्री दामोदर राजवाड़े, भी महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हो रही हैं। वे बताती हैं कि योजना से मिलने वाली राशि को वे अपने बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर खर्च करती हैं। इससे बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिल रही है तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिली है।
दोनों हितग्राहियों ने बताया कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना से मिलने वाली नियमित सहायता राशि उनके परिवार के लिए संबल का कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं और बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा परिवार के स्वास्थ्य एवं शिक्षा स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। जिले की अनेक महिलाएं इस योजना का लाभ लेकर अपने परिवार के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में योगदान दे रही हैं।






























