संवाददाता: सुभाष गुप्ता
सूरजपुर : विश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित 'लाइफ लाइन एक्सप्रेस' शिविर के दौरान अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा पर नगर पंचायत के प्लेसमेंट कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगे है। घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया और विश्रामपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
लाइफ लाइन एक्सप्रेस में विश्रामपुर नगर पंचायत के प्लेसमेंट कर्मियों की ड्यूटी रेलवे स्टेशन परिसर में सड़क मरम्मत और साफ-सफाई के लिए लगाई गई थी। कर्मचारियों का आरोप है कि निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर अचानक आक्रोशित हो गए और धमकी देते हुए उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। घटना के बाद सभी कर्मचारियों ने काम रोक दिया और नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को अवगत कराने के बाद विश्रामपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
अपर कलेक्टर ने नकारा, बोले—'सिर्फ निर्देश दिए थे'
मामले में अपना पक्ष रखते हुए अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि लगाए गए आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं वे केवल व्यवस्था दुरुस्त रखने और साफ-सफाई को लेकर मौके पर आवश्यक निर्देश दे रहे थे, मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई।
जांच के बाद होगी कार्रवाई: एडिशनल एसपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। एडिशनल एसपी ने बताया कि कर्मचारियों की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






























